कोरबा।छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में देर शाम हुए एक सड़क हादसे का खौफनाक लाइव वीडियो सामने आया है, जिसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो जाएं। यह पूरा हादसा सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ट्रांसपोर्ट नगर के मुख्य मार्ग की है, जहां रिमझिम बारिश के बीच तेज रफ्तार ने एक युवक की जान जोखिम में डाल दी।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार युवक तेज रफ्तार में मुख्य मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक बाइक से उछलकर हवा में कई फीट ऊपर चला गया और डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी लेन में जा गिरा।
कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। डिवाइडर के दूसरी ओर गिरते ही युवक वहां से गुजर रहे एक अन्य दोपहिया वाहन से जा टकराया। इस दोपहिया वाहन पर एक दंपती सवार थे। अचानक हुए इस दोहरे हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत घायल युवक को संभाला और पुलिस को सूचना दी।
हादसे में बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि युवक हेलमेट नहीं पहना था, जिसके चलते उसे सिर में गंभीर चोट आई है।
वहीं इस हादसे का लाइव सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। बारिश के दौरान सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं, ऐसे में तेज रफ्तार वाहन चलाना और भी खतरनाक हो जाता है। यह घटना इसका जीता-जागता उदाहरण है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीएसईबी चौकी पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर मुख्य मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और सुरक्षा संकेत लगाए जाएं, ताकि तेज रफ्तार पर लगाम लग सके। वाहन चालकों के लिए जरूरी है कि वे बारिश के दौरान गति नियंत्रित रखें और यातायात नियमों का पालन करें।
